श्रेष्ठ फाउंडेशन सेवा संस्थान द्वारा मनाई गई डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती

हथगाम विकास खंड के अंतर्गत राम प्यारे वंश गोपाल इंटर कॉलेज, चयमालपुर में श्रेष्ठ फाउंडेशन सेवा संस्थान के तत्वावधान में भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रोहित लाल व संस्था के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष शिव सिंह सागर ने संयुक्त रूप से उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में डॉ. कलाम के जीवन, संघर्ष, वैज्ञानिक योगदान तथा शिक्षा के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। संस्था ने युवाओं से डॉ. कलाम के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक दीपक कुमार ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के संचालक राहुल सिंह यादव, शिक्षक रोहित सिंह यादव, नरेंद्र सर, नब्बन सर, के अलावा पूरा शिक्षक स्टाफ मौजूद रहा।