23 अक्टूबर से आयोजित होगा विशाल हनुमंत महायज्ञ एवं विराट संत सम्मेलन 

महंत श्यामदास महात्यागी महाराज की प्रथम पुण्यतिथि पर होगा सप्त दिवसीय हनुमंत महायज्ञ एवं विराट संत सम्मेलन

प्रेस वार्ता में महामंडलेश्वर सरजूदास महात्यागी महाराज ने दी आयोजन की जानकारी, कई राज्यों के राजनेता और संत-महंत होंगे शामिल
 
वृंदावन । वृंदावन के समीपवर्ती गांव बाटी में पूज्य गुरुदेव महंत श्यामदास महात्यागी महाराज की प्रथम पुण्यतिथि के पावन अवसर पर सप्त दिवसीय विशाल हनुमंत महायज्ञ एवं विराट संत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से संत-महात्मा, धर्माचार्य, राजनेता और गणमान्य लोग शामिल होंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देने के लिए गांव बाटी में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय संत महामंडलेश्वर सरजूदास महात्यागी महाराज ने की।

प्रेस वार्ता में महामंडलेश्वर सरजूदास महात्यागी महाराज ने बताया कि पूज्य गुरुदेव महंत श्यामदास महात्यागी महाराज की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर सात दिनों तक विशाल हनुमंत महायज्ञ और विराट संत सम्मेलन का आयोजन होगा। महायज्ञ के माध्यम से विश्व कल्याण, जनकल्याण और धर्म के प्रचार-प्रसार की कामना की जाएगी। वहीं, संत सम्मेलन में धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर संत-महात्माओं के सानिध्य में चर्चा होगी।

इस दौरान महंत गंगा दास महाराज ने बताया कि महोत्सव में कई राज्यों के राजनेताओं के साथ ही दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री भी सहभागिता करेंगे। विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले संत-महात्माओं और अतिथियों के आगमन से आयोजन की भव्यता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम के संबंध में जानकारी मोहित पहलवान ने दी।

वहीं, महामंडलेश्वर रामेश्वर दास महाराज ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन का शुभारंभ विशाल शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। शोभायात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म और भक्ति से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा। इसके पश्चात निर्धारित कार्यक्रमों के अंतर्गत धार्मिक अनुष्ठान और संत सम्मेलन आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में श्रीमद्भगवद्गीता से संबंधित धार्मिक आयोजन भी होंगे। इसके साथ ही प्रसिद्ध भजन गायक चित्र-विचित्र महाराज द्वारा भव्य भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें भक्तिमय भजनों के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।

आयोजकों के अनुसार, महंत श्यामदास महात्यागी महाराज की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित यह सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अवसर होगा। आयोजन के माध्यम से गुरुदेव के प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित करने के साथ ही संत परंपरा, धार्मिक संस्कृति और भक्ति भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। देश बंधु पाराशर, हरिशंकर उपाध्याय
,भगवान सिंह दरोगा, बलवीर सिंह, ओम प्रकाश यादव, पीतम डायरेक्टर, बंटी गौतम, राजेन्द्र शर्मा, बांके गौतम, लक्ष्मण गौतम
, धर्मसिंह ठाकुर, वीरेंद्र ठाकुर, सोनू ठाकुर , अमर सिंह ठाकुर, योगी राजपूत, डॉक्टर रामजीत, धीरू ठाकुर, बृजगोपाल ठाकुर, सतपाल ठाकुर, हरिओम राघव, नरेश शर्मा मौजूद रहे।