मिशन शक्ति अभियान: उन्नाव में नवरात्रि पर वृद्धों को बांटे फल और वस्त्र, डीएम-एसपी ने जाना हाल

उन्नाव, उत्तर प्रदेश: शारदीय नवरात्रि और मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के विशेष अवसर पर उन्नाव के तहसील सफीपुर में एक सराहनीय पहल की गई है। सफीपुर समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित तकिया निहोनी वृद्ध आश्रम परिसर में जिलाधिकारी (DM) घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक (SP) जयप्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से दौरा कर वहां रह रहे वृद्ध जनों का हालचाल जाना।

इस पावन अवसर पर वृद्ध आश्रम के सभी महिला और पुरुष वृद्ध जनों को सम्मानित किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा महिला वृद्ध जनों को फलों की टोकरी के साथ साड़ी और पुरुष वृद्ध जनों को फलों की टोकरी के साथ कंबल का वितरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कहा कि शारदीय नवरात्रि के समय वृद्ध जनों को सम्मानित करने का यह एक अत्यंत पुनीत अवसर है। उन्होंने सभी के सुखमय जीवन की कामना करते हुए आगामी त्योहारों की बधाई दी। इसके साथ ही वृद्धों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल के लिए डीएम ने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि आश्रम में मेडिकल कैंप लगाकर बीपी, शुगर व अन्य बीमारियों की रूटीन चेकिंग कराई जाए और डॉक्टर साप्ताहिक रूप से आकर बीमार वृद्धों का इलाज करें। जिलाधिकारी ने भविष्य में वृद्ध आश्रम आकर उनके साथ एक दिन का भोजन करने की इच्छा भी प्रकट की।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने भी सभी वृद्ध जनों को आगामी पर्वों की शुभकामनाएं दीं और दीपावली के विशेष अवसर पर उनके साथ आकर भोजन करने की बात कही। इसके उपरांत दोनों आला अधिकारियों ने महिला और पुरुष आवासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) शैलेंद्र लाल, उपजिला अधिकारी सफीपुर शफालगुनी सिंह और क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ सहित समाज कल्याण विभाग व प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।