मिशन शक्ति 6.0: हरदोई में ज्योति बनी एक दिन की डीएम, वंशिका ने संभाली सीडीओ की जिम्मेदारी, अधिकारियों ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों से कराया अवगत

हरदोई। मिशन शक्ति 6.0 के तहत बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सुरसा की कक्षा आठ की छात्रा ज्योति को एक दिन की जिलाधिकारी, जबकि छात्रा वंशिका को एक दिन की मुख्य विकास अधिकारी की प्रतीकात्मक जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने छात्रा ज्योति को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, कार्यालयी दायित्वों और जनशिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान ज्योति ने जनसुनवाई में लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनी। उन्हें समस्याओं के समाधान में प्रशासन की भूमिका और अधिकारियों की जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने छात्रा वंशिका को विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यप्रणाली, कार्यालयी जिम्मेदारियों और जनसुनवाई की प्रक्रिया से अवगत कराया। वंशिका ने अधिकारियों के साथ बैठकर विभिन्न कार्यों को समझा और जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को करीब से जाना।
जनसुनवाई के दौरान एक महिला अपने पूर्ण रूप से दिव्यांग पुत्र लंकेश के लिए आवास की मांग लेकर पहुंची। वंशिका ने मामले को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने संबंधित अधिकारी को परिवार की पात्रता के अनुसार आवास उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना और उनमें निर्णय लेने की क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता तथा नेतृत्व के गुण विकसित करना है। अधिकारियों ने इस पहल को बेटियों के आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।