फिरोजपुर कैंट से पहली बार रेल मार्ग से भेजा गया पर्सिमोन फल

फिरोजपुर कैंट से पहली बार रेल मार्ग से भेजा गया पर्सिमोन फल

101 पैकेटों में 3.80 टन फल गुवाहाटी रवाना, 86 हजार रुपये से अधिक का मालभाड़ा मिला

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों से फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से पहली बार पर्सिमोन फल की रेल मार्ग से ढुलाई की गई। 12 अक्टूबर 2026 को ट्रेन संख्या 14620 त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस से 101 पैकेटों में कुल 3.80 टन पर्सिमोन फल गुवाहाटी जंक्शन के लिए रवाना किया गया।

इस माल ढुलाई से फिरोजपुर मंडल को 86 हजार रुपये से अधिक का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ। इस पहल से व्यापारियों को अपने उत्पादों को दूसरे शहरों तक पहुंचाने के लिए रेल परिवहन का एक बेहतर विकल्प मिला है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (माल) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की विश्वसनीय और समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रही है। मंडल माल यातायात बढ़ाने के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन सेवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।