मां वैष्णो देवी भवन में सेवा की मिसाल पेश कर रहे सीआरपीएफ जवान, श्रद्धालुओं को बांट रहे प्रसाद

कटड़ा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां वैष्णो देवी भवन में भक्ति, सेवा और समर्पण का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है। मां के दर्शन के लिए देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के साथ ही सेवा भाव से भक्तों को प्रसाद भी वितरित कर रहे हैं।

सुरक्षा के साथ सेवा भाव का संगम

मां वैष्णो देवी भवन परिसर में सीआरपीएफ की छठी बटालियन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण का विशेष स्टाल लगाया गया है। यहां जवान और अधिकारी भक्तिभाव के साथ श्रद्धालुओं को खीर, हलवा सहित अन्य प्रसाद वितरित कर रहे हैं। मां के दर्शन के बाद प्रसाद ग्रहण कर रहे श्रद्धालु इस सेवा कार्य से अभिभूत नजर आ रहे हैं।

कमांडेंट सहित अधिकारी भी कर रहे सेवा

सीआरपीएफ की छठी बटालियन के कमांडेंट प्रदीप कुमार गर्ग गोस्वामी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जवान इस सेवा अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जवान पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ ही श्रद्धालुओं की सहायता और सेवा में भी जुटे हुए हैं।

नवरात्र के दौरान सीआरपीएफ जवानों की यह पहल सुरक्षा के साथ मानवीय संवेदना, श्रद्धा और समर्पण का संदेश दे रही है। मां के दरबार में जवानों का यह सेवाभाव श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, नवरात्र के दौरान प्रसाद वितरण का यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा।