बरेली एक्सप्रेस में चोरी से हड़कंप! महिला का जेवरात और नगदी से भरा बैग गायब, पुलिस आईडी से लेकर आर्मी कैंटीन कार्ड तक चोरी

बरेली एक्सप्रेस में चोरी से हड़कंप! महिला का जेवरात और नगदी से भरा बैग गायब, पुलिस आईडी से लेकर आर्मी कैंटीन कार्ड तक चोरी

 

हरदोई की महिला ने जीआरपी चारबाग में दी तहरीर, अज्ञात पर बैग चोरी का आरोप; कार्रवाई की लगाई गुहार

 

#हरदोई

.

ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों के सामान की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। अयोध्या कैंट से हरदोई आ रही एक महिला का जेवरात, नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर गायब हो गया। बैग में पुलिस आईडी कार्ड, आधार कार्ड, आर्मी कैंटीन कार्ड और एटीएम कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज रखे थे। पीड़िता ने जीआरपी चारबाग पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

 

जानकारी के अनुसार, हरदोई जिले के थाना टड़ियावां क्षेत्र के ग्राम नेवादा निवासी शिवानी देवी पत्नी पंकज यादव 11 अक्टूबर की सुबह करीब तीन बजे अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से बरेली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14235) में सवार हुई थीं। वह कोच संख्या 5-4 में सीट नंबर 60 पर बैठकर हरदोई आ रही थीं।

 

पीड़िता के मुताबिक, ट्रेन जब लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर रुकी तो वह अपना साइड बैग सीट पर रखकर वॉशरूम चली गईं। वापस लौटीं तो सीट पर रखा बैग गायब था। काफी तलाश के बावजूद बैग का पता नहीं चला।

 

बैग में जेवरात से लेकर अहम दस्तावेज तक

 

पीड़िता के अनुसार, बैग में उनके और उनकी जेठानी के जेवरात, कुछ नगदी, जेठानी का पुलिस आईडी कार्ड, आधार कार्ड, उनके जेठ के आर्मी कैंटीन कार्ड तथा एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। आरोप है कि कोई अज्ञात व्यक्ति बैग लेकर फरार हो गया।

 

अब जीआरपी की कार्रवाई पर निगाहें

 

घटना के बाद पीड़िता ने जीआरपी थाना चारबाग पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में अभियोग पंजीकृत करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस शिकायत पर क्या कदम उठाती है और पीड़िता को उसका कीमती सामान वापस मिल पाता है या नहीं।

 

#Grppolice