मिशन शक्ति अभियान के तहत जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

कासगंज। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को जीआरपी कासगंज पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेस-5 के द्वितीय चरण के तहत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को महिला सुरक्षा, नारी सशक्तीकरण और आपातकालीन सेवाओं के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने यात्रियों को सफर के दौरान सतर्क रहने, अजनबी व्यक्तियों से खाने-पीने की वस्तुएं नहीं लेने और किसी संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर नजदीकी सुरक्षाकर्मी को सूचना देने की सलाह दी।

अभियान के दौरान यात्रियों को महिला सुरक्षा के लिए 1090 वीमेन पावर लाइन और 181 महिला हेल्पलाइन, बच्चों की सहायता के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए 102, अग्निशमन सेवा 101, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने जहरखुरानी से बचाव के उपाय भी बताए।

जीआरपी पुलिसकर्मियों ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय और प्रवेश-निकास द्वार सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी पंपलेट चस्पा किए। यात्रियों को बुकलेट और पंपलेट वितरित कर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, ताकि आपात स्थिति में वे समय रहते सहायता प्राप्त कर सकें।