हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर तीन दिन रहेगा यातायात डायवर्जन, 9 से 11 अक्टूबर तक बदला रहेगा रूट, प्रातः 8 बजे से रात 8 बजे तक प्रस्तावित है गर्डर कार्य

हरदोई। हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर एनएच-731 (एनएच-330डी) के पैकेज-2बी के अंतर्गत किलोमीटर 167+130 पर गर्डर लॉन्चिंग कार्य के चलते 9 से 11 अक्टूबर तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। हरदोई पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
यातायात पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से रात 8 बजे तक कार्य प्रस्तावित है। इस दौरान भारी क्रेन, लॉन्चिंग उपकरण और अन्य मशीनों के संचालन के साथ गर्डरों को उठाने एवं स्थापित करने का काम किया जाएगा। इसके चलते संबंधित मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा।
ये होंगे वैकल्पिक मार्ग
हरदोई से बिलग्राम जाने वाले वाहन साण्डी चुंगी से साण्डी रोड होते हुए साण्डी और बिलग्राम की ओर जा सकेंगे। इसी मार्ग से बिलग्राम से हरदोई आने वाले वाहन भी आवागमन कर सकेंगे।
हरदोई शहर की लखनऊ चुंगी से बिलग्राम और कन्नौज की ओर जाने वाले भारी वाहन लखनऊ चुंगी से लखनऊ रोड, बघौली चौराहा, माधोगंज होते हुए बिलग्राम और कन्नौज की ओर जा सकेंगे।
वहीं, कन्नौज और बिलग्राम से हरदोई आने वाले वाहन कन्नौज बाईपास, बिलग्राम चौराहा, तेरवा कुल्ली, बिलग्राम, माधोगंज, बघौली चौराहा और लखनऊ रोड के रास्ते हरदोई पहुंच सकेंगे।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।