ट्रेनों के रद्द होने से पहले अंबाला मंडल की तैयारी, प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे कर्मचारी

ट्रेनों के निरस्तीकरण पर अंबाला मंडल अलर्ट

ट्रेनों के रद्द होने से पहले अंबाला मंडल की तैयारी, प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे कर्मचारी

अंबाला। 10 अक्टूबर को ट्रेनों के निरस्तीकरण के मद्देनजर उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने यात्रियों की सुविधा और रेल परिचालन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। अंबाला, सहारनपुर और बठिंडा रेलवे स्टेशनों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।

यात्रियों को ट्रेनों की स्थिति और नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित स्टेशनों पर अधिकारियों की तैनाती की गई है। मंडलीय नियंत्रण कक्ष में भी चौबीसों घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे, ताकि यात्रियों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सके।

रेलवे ने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और परिस्थितियों की निगरानी के लिए विशेष वार रूम भी बनाया है। इसके माध्यम से स्टेशनों और नियंत्रण कक्ष के बीच लगातार संपर्क बनाए रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अंबाला मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें, जिससे अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।