घर से कलेक्ट्रेट तक पुलिस का पहरा, घेरे में रहे सपा नेता रामज्ञान गुप्ता

घर से कलेक्ट्रेट तक पुलिस का पहरा, घेरे में रहे सपा नेता रामज्ञान गुप्ता

बाहर निकले तो रास्ते में रोका, नोकझोंक के बाद पुलिस सुरक्षा घेरे में कलेक्ट्रेट तक पहुंचे; बोले_विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास

#हरदोई
.
समाजवादी पार्टी के ?वोट बचाओ, देश बचाओ? कार्यक्रम को लेकर हरदोई में सियासी हलचल तेज रही। बुधवार को सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा था। इस दौरान समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

रामज्ञान गुप्ता के अनुसार, गुरुवार को उनके आवास और दुकान के आसपास पुलिस की कड़ी निगरानी रही। वह समर्थकों के साथ बाहर निकले तो बिलग्राम चुंगी के पास राधानगर चौकी प्रभारी ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक बातचीत और तीखी नोकझोंक हुई।

इसके बाद पुलिस ने रामज्ञान गुप्ता और उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं को अपने घेरे में ले लिया। पुलिस घेरे के बीच उन्हें अंबेडकर पार्क की ओर ले जाया गया। घटना के दौरान कलेक्ट्रेट और आसपास के इलाके में पुलिस बल की मौजूदगी भी रही।

पुलिस कार्रवाई पर रामज्ञान गुप्ता ने सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोककर उनकी लोकतांत्रिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता पुलिस की घेराबंदी से डरने वाले नहीं हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

गौरतलब है कि हरदोई में पिछले दिनों सपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी प्रक्रिया को लेकर प्रदर्शन किया था। पार्टी नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा था।

ये रहे मौजूद

इस दौरान विकास त्रिपाठी, शुभम गुप्ता, गिरीश गुप्ता, सोनू गुप्ता परसपुर, धर्मेंद्र यादव ?दीपू?, राहुल यादव, सोनू गुप्ता, बृजेश यादव, आकाश गुप्ता, सौरव तिवारी, सत्यम यादव, नितिन यादव, केशव अवस्थी, देवेंद्र, मोहित यादव, लालू वर्मा, श्याम गुप्ता, सत्यवान त्रिपाठी, मनोज कुशवाहा, रामदत्त गुप्ता और अनुज गुप्ता समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।