नवरात्रि को लेकर जम्मू मंडल अलर्ट मोड में, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 घंटे निगरानी

जम्मू। आगामी शारदीय नवरात्रि को देखते हुए जम्मू मंडल ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु रेल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जम्मू और श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की टीमें स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों पर लगातार निगरानी रख रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है और आवश्यकता के अनुसार आगे भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। जिन ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची अधिक है, उनमें अतिरिक्त डिब्बे लगाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सुगम रेल यात्रा की सुविधा मिल सके।

स्टेशनों पर यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी और अन्य आवश्यक सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने के लिए लगातार उद्घोषणाएं कराई जा रही हैं। इसके साथ ही स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि नवरात्रि के दौरान यात्रियों को साफ-सुथरा और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि सभी स्टेशनों के कर्मचारियों को खान-पान की वस्तुओं की गुणवत्ता और निर्धारित दरों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों से किसी भी वस्तु के लिए निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नवरात्रि के दौरान जम्मू मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर अधिकारी और कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। मंडल स्तर पर चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी स्थिति में यात्रियों को तत्काल सहायता और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

जम्मू मंडल की इन तैयारियों से नवरात्रि के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम, स्वच्छ और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।