महीनों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट, अंधेरे में आवागमन को मजबूर ग्रामीण

  1. आलापुर (अंबेडकरनगर)। विकासखंड जहांगीरगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत इंदौरपुर उर्फ घिन्हापुर में लगी स्ट्रीट लाइट महीनों से खराब पड़ी है। विधायक निधि से लगाई गई यह स्ट्रीट लाइट अब ग्रामीणों के लिए महज शोपीस बनकर रह गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है।

    वर्षात के मौसम में जहरीले जंतुओं और कीड़े-मकोड़ों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में गांव के रास्ते पर अंधेरा होने के कारण ग्रामीणों को रात में आवागमन करने में परेशानी के साथ ही अनहोनी की आशंका भी बनी रहती है।

    ग्रामीणों के अनुसार रामहित के मकान के सामने रास्ते पर लगी स्ट्रीट लाइट काफी समय से खराब है। रात में इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ता है। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    ग्रामीण रामजीत यादव ने स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत आईजीआरएस के माध्यम से करते हुए उसे जल्द ठीक कराने की मांग की है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन तथा ग्रामीण राधेश्याम, मोहित, राकेश कुमार, दीपचंद आदि ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से खराब स्ट्रीट लाइट को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।

    ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते स्ट्रीट लाइट ठीक नहीं कराई गई तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।