मार्शल ए. सिल्वा ने सियालदह मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का संभाला पदभार

मार्शल ए. सिल्वा ने सियालदह मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का संभाला पदभार

यात्री सुविधाओं में सुधार, माल ढुलाई आय बढ़ाने और परिचालन दक्षता मजबूत करने पर रहेगा जोर

कोलकाता। पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल में मार्शल ए. सिल्वा ने नए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण किया है। वर्ष 2016 बैच के भारतीय रेल यातायात सेवा अधिकारी सिल्वा ने अन्ना विश्वविद्यालय से विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है।

सियालदह मंडल में नई जिम्मेदारी संभालने से पहले सिल्वा ने सितंबर 2023 से सितंबर 2026 तक आसनसोल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने व्यापार विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों का नेतृत्व किया। इनमें जीसीटी टर्मिनल की शुरुआत, नई रेल वस्तुओं की लदान और गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के नए मॉडल प्रमुख रहे। इन प्रयासों से मंडल को विविध आय के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुईं।

उन्होंने यात्री सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की भी निगरानी की। इसके साथ ही श्रावणी मेला 2026 के दौरान भारी यात्री भीड़ के प्रभावी प्रबंधन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इससे पहले जून 2020 से सितंबर 2023 तक उन्होंने हावड़ा मंडल में सहायक परिचालन प्रबंधक एवं मंडल परिचालन प्रबंधक के रूप में कार्य किया। उनके प्रयासों से सघन कोचिंग नेटवर्क में समयपालन बेहतर करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला और मंडल ने लोकप्रिय समयपालन शील्ड भी हासिल की।

सियालदह मंडल में सिल्वा का मुख्य फोकस यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने, वाणिज्यिक माल ढुलाई से होने वाली आय बढ़ाने तथा टीमवर्क और सहयोग के माध्यम से परिचालन दक्षता मजबूत करने पर रहेगा।