जोधपुर मंडल में फ्रंटलाइन रेल कर्मचारियों का व्यवहार प्रशिक्षण जारी

जोधपुर मंडल में फ्रंटलाइन रेल कर्मचारियों का व्यवहार प्रशिक्षण जारी

चार सत्रों में करीब 300 कर्मचारियों को यात्री सेवा, संवाद और सेवा भावना का दिया प्रशिक्षण

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में फ्रंटलाइन वाणिज्यिक कर्मचारियों के लिए सात दिवसीय व्यवहार प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है। अब तक आयोजित चार प्रशिक्षण सत्रों में करीब 300 फ्रंटलाइन कर्मचारियों को यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार, प्रभावी संवाद, सकारात्मक दृष्टिकोण और सेवा भावना से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को यात्रियों की आवश्यकताओं को समझने, उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता और शालीनता के साथ समाधान करने तथा कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। कर्मचारियों ने अपने कार्यक्षेत्र में आने वाली विभिन्न समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों को भी अधिकारियों के सामने रखा, जिनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने फ्रंटलाइन कर्मचारियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फ्रंटलाइन कर्मचारी यात्रियों के सीधे संपर्क में रहते हैं, इसलिए उनके व्यवहार में शालीनता, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना बेहद महत्वपूर्ण है। यात्रियों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हुए शांत और सौम्य व्यवहार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कर्मचारियों को रेलवे के नियमों और प्रावधानों की जानकारी लगातार अपडेट रखने तथा उनका उचित अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

लाइफ एवं स्किल डेवलपमेंट कोच श्रीकांत गुप्ता ने कर्मचारियों को व्यवहार कुशलता, प्रभावी संवाद, सकारात्मक सोच और यात्री सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। प्रत्येक बैच में 50 कर्मचारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों ने यात्री शिकायतों पर शुल्क लागू करने सहित विभिन्न सुझाव भी रखे।

सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 अक्टूबर तक जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य यात्रियों को और बेहतर, संवेदनशील एवं सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराने के लिए फ्रंटलाइन कर्मचारियों की व्यवहार कुशलता को और मजबूत करना है।