आंधी में 13 पेड़ों ने रोकी हरदोई-सीतापुर हाईवे की रफ्तार, वन विभाग ने संभाला मोर्चा!

आंधी में 13 पेड़ों ने रोकी हरदोई-सीतापुर हाईवे की रफ्तार, वन विभाग ने संभाला मोर्चा!

_मेडिकल कॉलेज से सिकरोहरी पुल तक मचा हड़कंप, बिजली लाइनें भी बनीं मुसीबत_वन विभाग की सक्रियता से यातायात बहाल_

#हरदोई

.

बुधवार दोपहर तेज बारिश और आंधी ने टड़ियावां क्षेत्र में जमकर कहर बरपाया। हरदोई-सीतापुर हाईवे पर मेडिकल कॉलेज गौराडांडा के पास से सिकरोहरी पुल तक करीब 13 पेड़ बीच सड़क पर धराशायी हो गए। पेड़ों के गिरने से हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और राहगीरों को बाईपास मार्ग का सहारा लेना पड़ा।

मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं वन कर्मियों के सहयोग से सड़क पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटवाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी।

आंधी का असर केवल सड़क तक सीमित नहीं रहा। कई पेड़ एचटी और एलटी विद्युत लाइनों पर गिरने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो गई। विद्युत कर्मचारी देर शाम तक लाइनों की मरम्मत और आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। उपकेंद्र इटौली के चार फीडरों में देर शाम तक केवल टड़ियावां फीडर की आपूर्ति संचालित हो सकी, जबकि अन्य फीडरों पर काम जारी रहा।

क्षेत्रीय बीट के वन रक्षक सूर्यांश त्रिवेदी ने बताया कि सीतापुर मार्ग पर पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क से पेड़ों को हटवाने में जुट गए।

आंधी ने व्यवस्था की परीक्षा ली, लेकिन मौके पर सक्रियता ने जाम को लंबा खिंचने से रोक दिया। अब सवाल यह है कि हाईवे किनारे खड़े कमजोर और खतरनाक पेड़ों की समय रहते निगरानी कब होगी, ताकि अगली आंधी में सड़क और बिजली व्यवस्था फिर बंधक न बने?

Allfollower सूचना विभाग हरदोई Uttar Pradesh Highlights MYogiAdityanath Yogi Adityanath Brajesh Pathak U.S. Forest Service