उत्तर पश्चिम रेलवे में सुरक्षित रेल संचालन पर जोर, संरक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 रेलकर्मी सम्मानित

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार को महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए सुरक्षित रेल संचालन, यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और रेलवे की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और कवच प्रणाली से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

महाप्रबंधक ने बताया कि रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे में तकनीकी नवाचारों पर लगातार काम किया जा रहा है। इसी क्रम में उदयपुर सिटी कोचिंग डिपो की पावर कार संख्या 196464 में रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम का सफलतापूर्वक कमीशन किया गया है। इसके अलावा स्टेशनों की सिग्नलिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।

त्योहारों को लेकर विशेष तैयारियां

आगामी त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने के साथ रेलवे ट्रैक की सुरक्षा, नियमित पेट्रोलिंग तथा विद्युत और सिग्नल उपकरणों के रखरखाव की भी समीक्षा की गई।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेल संचालन में छोटी से छोटी कमी को भी गंभीरता से लेते हुए उसका समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बुनियादी ढांचे और निर्माण कार्यों की प्रगति, पूंजीगत कार्य, रेलवे ट्रैक की फेंसिंग, कार्य निष्पादन और आय बढ़ाने के उपायों सहित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य समय पर पूरा करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर दिया।

12 रेलकर्मी सम्मानित

संरक्षित रेल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 12 रेलकर्मियों को महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने सम्मानित किया। उन्होंने रेलकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित रेल संचालन में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी सजगता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।