एटा-कासगंज रेल लाइन जल्द पूरी हो, ट्रेन का मथुरा तक हो विस्तार प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल को सौंपा ज्ञापन

आगरा/एटा,सिटी अपडेट। क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (स्वतंत्र) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विश्वकान्त मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में एटा-कासगंज रेल लाइन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को लंबित मुआवजा दिलाने और परियोजना की निश्चित समय-सीमा घोषित करने की मांग की गई। विश्वकान्त मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2017 में स्वीकृत करीब 29 किलोमीटर लंबी रेल परियोजना अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। एटा से मलावन तक का काम अपेक्षाकृत कम समय में पूरा हो गया, लेकिन आगे की परियोजना में देरी से क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है।

इसके अलावा एटा-आगरा फोर्ट ट्रेन संख्या 51902/51901 का मथुरा जंक्शन तक विस्तार करने की मांग रखी गई। इससे एटा-कासगंज क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को मथुरा आने-जाने में सुविधा मिलने की बात कही गई।

ज्ञापन में बरहन जंक्शन पर ट्रेन संख्या 02417/02418 दादरी-प्रयागराज का कम से कम एक मिनट का ठहराव दिए जाने की मांग भी की गई।

विश्वकान्त मिश्रा ने कहा कि एटा-कासगंज रेल परियोजना क्षेत्र के विकास और किसानों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। रेलवे और सरकार को इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष विधि/व्यापार प्रकोष्ठ विजय शर्मा, जिला सचिव राजेश कुमार, समाजसेवी अंकित कुशवाह, राजीव जैन, राकेश वार्ष्णेय, सोनू कुशवाह, प्रदीप कुमार, राज कुमार, अनुज मिश्रा, सुमन सिसौदिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट-बबलू फरमान (आगरा)