जोधपुर मंडल में चार दिनों में तीन बड़े इंजीनियरिंग कार्य पूरे, रेल ढांचा हुआ और मजबूत

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग ने रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पिछले चार दिनों में मंडल में तीन महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए। इनमें कुचामन यार्ड में 17 बॉक्स का रोड अंडर ब्रिज, डेगाना यार्ड में 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज के 17 गर्डर की लॉन्चिंग तथा कुचामन सिटी?नया खारडिया रेलखंड के बीच रेल पुल का सुदृढ़ीकरण शामिल है।

कुचामन यार्ड में 17 बॉक्स का आरयूबी लॉन्च

फुलेरा?जोधपुर रेलखंड के कुचामन यार्ड में चार रेल लाइनों के नीचे किमी 51/3-4 पर कट एंड कवर विधि से रोड अंडर ब्रिज का निर्माण किया गया। इसके तहत कुल 17 बॉक्स, जिनकी कुल बैरल लंबाई करीब 26 मीटर है, लॉन्च किए गए।

कार्य दो चरणों में पूरा हुआ। 1 अक्टूबर को अप मेन और लूप लाइन के नीचे 9 बॉक्स तथा 3 अक्टूबर को डाउन मेन और लूप लाइन के नीचे 8 बॉक्स लॉन्च किए गए। कार्य के दौरान सुरक्षा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया।

डेगाना में एफओबी के 17 गर्डर लॉन्च

डेगाना यार्ड में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए जा रहे 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। यहां कुल 17 गर्डर सफलतापूर्वक लॉन्च किए गए। प्लेटफॉर्म संख्या 3 और 4 के बीच 32 मीटर स्पैन में 6 बॉक्स गर्डर तथा प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 के बीच 22 मीटर स्पैन में 11 आई-लीफ गर्डर लगाए गए।

एफओबी का निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म के बीच आवागमन के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध होगा।

रेल पुल के पुराने गर्डर बदलकर किया सुदृढ़ीकरण

कुचामन सिटी?नया खारडिया के बीच किमी 43/8-9 पर स्थित पुल संख्या 43 की डाउन मेन लाइन पर भी महत्वपूर्ण सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा किया गया। 3 अक्टूबर को लिए गए आठ घंटे के ब्लॉक के दौरान 12.20 मीटर लंबे दो पुराने स्टील गर्डर हटाकर दो नए पीएससी स्लैब गर्डर लगाए गए।

इसके साथ पुल के सब-स्ट्रक्चर की जैकेटिंग और बेड ब्लॉक बदलने का कार्य भी किया गया। इससे पुल की भार वहन क्षमता, मजबूती और टिकाऊपन में सुधार होगा तथा भविष्य में रखरखाव की आवश्यकता भी कम होगी।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इन सभी कार्यों में सुरक्षा और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। आवश्यक मशीनरी, सामग्री और मानव संसाधन की पहले से व्यवस्था किए जाने के कारण निर्धारित ब्लॉक अवधि का प्रभावी उपयोग करते हुए कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए।

इन कार्यों के सफल निष्पादन में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्रीचंद पुनिया सहित इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंडल रेल प्रशासन ने पूरी टीम को कार्यों के सफल निष्पादन के लिए बधाई दी।