सितंबर में अहमदाबाद मंडल की रिकॉर्ड कमाई, ₹852 करोड़ का राजस्व अर्जित

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने सितंबर 2026 में वाणिज्यिक और यात्री सेवाओं के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब ₹852 करोड़ का राजस्व अर्जित किया। इसमें ₹636.08 करोड़ माल भाड़ा, ₹208.60 करोड़ यात्री आय और ₹7.40 करोड़ पार्सल आय शामिल है।

मंडल की यात्री आय में पिछले वर्ष सितंबर की तुलना में 34.54 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। ₹208.60 करोड़ की यात्री आय अहमदाबाद मंडल के इतिहास में सर्वाधिक मासिक यात्री आय रही। माल भाड़ा आय भी सितंबर 2025 के मुकाबले 6.88 प्रतिशत बढ़ी।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने इस उपलब्धि पर वाणिज्य, परिचालन सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने राजस्व वृद्धि के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की।

सितंबर में मंडल के कई माल टर्मिनलों ने भी नए रिकॉर्ड बनाए। देवलिया स्थित वेस्टर्न कैरियर्स इंडिया ने ₹4.87 करोड़, नालिया गुड्स शेड ने ₹4.75 करोड़ और समाखियाली गुड्स शेड ने ₹8.64 करोड़ की सर्वश्रेष्ठ मासिक माल आय दर्ज की। कांडला पोर्ट गुड्स शेड को कंटेनर रेल टर्मिनल के रूप में अधिसूचित किया गया है।

नए व्यापारिक अवसरों के तहत चीनी, आयातित कोयला, उर्वरक, बांस पल्प और मिश्रित वस्तुओं की विभिन्न रेक का संचालन किया गया। पार्सल क्षेत्र में ई-नीलामी के माध्यम से चार परिसंपत्तियों की लीजिंग की गई, जिससे आगामी तीन वर्षों में ₹3.61 करोड़ राजस्व मिलने की उम्मीद है।

त्योहारी और मेले की भीड़ को देखते हुए मंडल ने विशेष ट्रेनों का संचालन किया। 25 विशेष ट्रेन फेरों से करीब 36 हजार यात्रियों को सुविधा मिली और ₹3.02 करोड़ यात्री राजस्व प्राप्त हुआ। टिकट जांच अभियानों के दौरान भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए विभिन्न जांचों में मामलों पर जुर्माना वसूला गया।

15 सितंबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शिवलखा गति शक्ति कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन किया और भीमासर, देवलिया तथा चंडीसर गति शक्ति कार्गो टर्मिनलों को राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान शिवलखा से मिठापुर के लिए भारत की पहली स्टेनलेस स्टील नमक कंटेनर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई।