अस्पताल संचालक से मारपीट और लूट का आरोप, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आलापुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के देवरिया बाजार निवासी अस्पताल संचालक से मारपीट, लूट और जातिसूचक गाली देने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर डकैती, मारपीट, धमकी और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम समेत आठ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच क्षेत्राधिकारी आलापुर को सौंप दी है।

शिकायतकर्ता सिद्धान्त कुमार, निवासी बेलऊना बरियारपुर थाना मालीपुर, ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 1 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे अंकित पांडेय ने फोन कर उन्हें तेंदुआई चौराहे पर बुलाया। वहां पहुंचने के बाद अंकित उन्हें अपनी कार में बैठाकर अपने घर ले गया और उनकी कार दूसरे व्यक्ति राजा सिंह को दे दी।

सिद्धान्त कुमार का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उन्हें बंधक बनाकर निर्वस्त्र किया गया और बेल्ट से पीटा गया। इस दौरान उनके साथ जातिसूचक गालियां भी दी गईं। आरोप है कि उनका मोबाइल फोन जबरन छीन लिया गया तथा उनकी कार में रखे करीब 50 हजार रुपये और कार भी ले ली गई।

तहरीर के आधार पर राजेसुल्तानपुर पुलिस ने अंकित पांडेय और राजा सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना क्षेत्राधिकारी आलापुर को सौंप दी है।

क्षेत्राधिकारी आलापुर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।