हरदोई में सुखेता नदी में उतराता मिला युवक का शव, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सुखेता नदी में एक अज्ञात युवक का शव उतराता मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी के किनारे पहुंच गए। इस दौरान कुछ लोगों ने शव के नदी में उतराने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बताया गया कि हूंसेपुर करमाया गांव के पास से होकर गुजरने वाली सुखेता नदी में ग्रामीणों ने पानी के बीच एक शव उतराता देखा। शव दिखाई देने की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर बेहटा गोकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
इन दिनों लगातार बारिश के चलते सुखेता नदी में पानी का स्तर बढ़ा हुआ है और नदी लबालब बह रही है। ऐसे में पुलिस प्रथम दृष्टया नदी में डूबने की आशंका समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, शव नदी में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि शव की पहचान और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।