उत्तर मध्य रेलवे में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े का सफल समापन, 14,837 स्वच्छता लक्षित इकाइयां चिन्हित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, सूबेदारगंज में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित ?स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026? का शुक्रवार को ?स्वच्छ भारत दिवस? के रूप में सफल समापन हुआ। इस दौरान महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी द्वारा मुख्य अतिथि को पौधा भेंट कर स्वागत करने से हुई। इसके बाद अपर महाप्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। ?एक पेड़ मां के नाम? अभियान के तहत मुख्यालय में व्यापक पौधरोपण किया गया। उत्तर मध्य रेलवे वर्तमान वित्त वर्ष 2026-27 में 2 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पखवाड़े के दौरान रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित पांच प्रमुख स्तंभों के तहत कुल 4,770 कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की गईं। रेलवे बोर्ड के 3,500 स्वच्छता लक्षित इकाइयों के लक्ष्य के मुकाबले उत्तर मध्य रेलवे ने 14,837 इकाइयों का चिह्नांकन किया, जिनमें से 12,246 से अधिक इकाइयों का कायाकल्प कर उन्हें स्वच्छ स्थान बनाया गया।

युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए 555 स्वच्छता पाठशालाएं आयोजित की गईं। सफाई मित्रों के कल्याण और सुरक्षा के लिए 116 सुरक्षा शिविर लगाए गए। वहीं जनभागीदारी के तहत 837 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करीब 55 हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ?स्वच्छता से समृद्धि? के तहत 284 कार्यक्रम और विश्व पर्यटन दिवस पर 124 विशेष स्वच्छता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

पखवाड़े का आयोजन मुख्यालय पर्यावरण अनुभाग द्वारा मनीष कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक कराया गया। अभियान के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत किया।