कलीनगर तहसील में अधिवक्ताओं ने मनाई गांधी-शास्त्री जयंती; सत्य, अहिंसा, सादगी और ईमानदारी के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प

कलीनगर। तहसील कलीनगर परिसर में अधिवक्ता एसोसिएशन की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पाण्डेय के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया। वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों पर प्रकाश डाला।

अध्यक्ष अनिल पाण्डेय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी और दृढ़ नेतृत्व के माध्यम से देश की सेवा की। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के संरक्षक राजीव गुप्ता एडवोकेट, निवर्तमान जिला लोकपाल मनरेगा, अधिवक्ता गेंदालाल वर्मा, अध्यक्ष अनिल पाण्डेय, महामंत्री महेंद्र पाल वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कलीम मंसूरी एडवोकेट, उपाध्यक्ष सुनील कुमार राठौर, कनिष्ठ उपाध्यक्ष हरगोविंद मौर्य, कोषाध्यक्ष हरिशंकर वर्मा, अरविंद राठौर सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।