त्योहारों पर नई दिल्ली-कटरा के बीच तीन अतिरिक्त फेरे, राजधानी एक्सप्रेस में अतिरिक्त वातानुकूलित कोच

जम्मू। नवरात्रि और दशहरा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच विशेष ट्रेन के अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में अतिरिक्त तृतीय वातानुकूलित कोच भी लगाया जाएगा।

जम्मू मंडल के अनुसार ट्रेन संख्या 04081 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा आरक्षित त्योहार विशेष एक्सप्रेस 2, 3 और 4 अक्टूबर को नई दिल्ली से रात 11:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला छावनी, लुधियाना, जालंधर छावनी, पठानकोट छावनी, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन होते हुए अगले दिन दोपहर 12 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04082 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली विशेष एक्सप्रेस 3, 4 और 5 अक्टूबर को रात 9 बजे कटरा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। पहले इस विशेष ट्रेन का संचालन 8 से 26 अक्टूबर के बीच निर्धारित किया गया था, लेकिन नवरात्रि और दशहरा के दौरान अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए 2 से 5 अक्टूबर के बीच इसके अतिरिक्त फेरे भी चलाने का निर्णय लिया गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 12426 जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में तृतीय वातानुकूलित श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच भी अस्थायी रूप से जोड़ा जाएगा। यह कोच 4, 5, 10, 14, 15, 16 और 17 अक्टूबर तथा 18 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक जम्मू तवी से प्रस्थान करने वाली ट्रेन में लगाया जाएगा।

रेलवे के इस निर्णय से नवरात्रि और दशहरा के दौरान जम्मू-कश्मीर की ओर जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।