अजमेर मंडल में राजभाषा पखवाड़े का समापन, 90 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

अजमेर। अजमेर मंडल पर 14 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2026 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समारोह में हिंदी के प्रचार-प्रसार और राजभाषा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले करीब 90 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राजभाषा पखवाड़े के दौरान मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रश्नोत्तरी, हिंदी निबंध, टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, हिंदी वाक् तथा कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मंडल कार्यालय के साथ विभिन्न स्टेशनों के कर्मचारियों ने भी इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा दो दिवसीय ऑनलाइन दैनिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में करीब 165 कर्मचारियों ने सहभागिता की।

पखवाड़े के दौरान 23 सितंबर को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ?दिनकर? की जयंती भी मनाई गई। रेलकर्मियों के लिए ?मानसिक अवसाद-कारण एवं निवारण? विषय पर हिंदी कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें करीब 140 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों को यूनिकोड एवं राजभाषा उपकरणों की जानकारी देने के लिए टेबल प्रशिक्षण तथा हिंदी प्रगति के संबंध में व्यक्तिगत संपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

समापन समारोह में पखवाड़े के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं के साथ हिंदी में प्रशंसनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों तथा अधिकारियों की डिक्टेशन योजना और गृह मंत्रालय की बीस हजार शब्दों की प्रोत्साहन योजना में पात्र अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार अजमेर मंडल के अजमेर, उदयपुर सिटी और आबूरोड स्टेशनों पर भी राजभाषा पखवाड़ा उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान कर्मचारियों को राजभाषा प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा हिंदी निबंध, टिप्पणी एवं आलेखन, राजभाषा प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। हिंदी कार्यशालाओं और टेबल प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को राजभाषा के विभिन्न उपकरणों की जानकारी दी गई और अधिकाधिक कार्य हिंदी में करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।