सेब सीजन में व्यापारियों को बड़ी राहत, पार्सल एक्सप्रेस की संचालन अवधि तीन माह बढ़ी

जम्मू। कश्मीर घाटी में चल रहे सेब सीजन को देखते हुए उत्तर रेलवे ने व्यापारियों और बागवानी उत्पादकों की सुविधा के लिए आदर्श नगर दिल्ली-बडगाम पार्सल एक्सप्रेस की संचालन अवधि तीन माह बढ़ा दी है। जम्मू मंडल के अनुसार, गाड़ी संख्या 00461/00462 की संयुक्त पार्सल उत्पाद-त्वरित माल सेवा अब अगले तीन महीने तक संचालित होगी।

गाड़ी संख्या 00461 आदर्श नगर दिल्ली से बडगाम के बीच 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 00462 बडगाम से आदर्श नगर दिल्ली के लिए 3 अक्टूबर 2026 से 2 जनवरी 2027 तक प्रतिदिन संचालित होगी। इस पार्सल एक्सप्रेस में 8 पार्सल वैन और 1 सामान सह ब्रेकयान का रेक रहेगा।

सेब सीजन के दौरान यह सेवा कश्मीर घाटी के सेब उत्पादकों, बागवानी व्यापारियों और कारोबारियों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इसके माध्यम से कश्मीर के ताजे सेब, नाशपाती और अन्य बागवानी उत्पादों को दिल्ली सहित देश के बड़े बाजारों तक तेजी से पहुंचाया जा रहा है। इससे व्यापारियों को कम समय और लागत में अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।

रेलवे के अनुसार, पार्सल सेवा से स्थानीय किसानों और बागवानी उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध होने के साथ उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। साथ ही देशभर के उपभोक्ताओं तक कश्मीर के ताजे फल पहुंचाने में सुविधा होगी।

इस पार्सल एक्सप्रेस में यात्रियों को यात्रा की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल की तैनाती रहेगी। जम्मू मंडल ने व्यापारियों और बागवानी उत्पादकों से अपील की है कि वे सेब सीजन के दौरान इस विशेष पार्सल सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।