जनजातीय गांवों में पहुंचे मानवाधिकार आयोग के विशेष मॉनिटर समस्याओं की ली जानकारी। 

बहराइच। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली के विशेष मॉनिटर (जनजाति कल्याण) आर. हेमंत कुमार ने जिले के जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं जानीं। 24 सितंबर को विकासखंड मिहींपुरवा की ग्राम पंचायत फकीरपुरी में पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों से फसल नुकसान, पशुधन पर हमले, मानव चोट एवं मृत्यु, मुआवजा, वन्यजीवों के हमले, बाढ़ और पूर्व चेतावनी प्रणाली समेत विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की।

निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट, जिला समाज कल्याण अधिकारी और तहसीलदार मिहींपुरवा (मोतीपुर) मौजूद रहे। ग्रामीणों से वन क्षेत्र में प्रवेश तथा वन्यजीव संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी को लेकर भी जानकारी ली गई।

इसके बाद विशेष मॉनिटर ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बोधिया का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत जनजातीय छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके रहन-सहन और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। शिक्षकों से पठन-पाठन तथा कर्मचारियों से भोजन व्यवस्था समेत विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।

वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से जाना हाल। 

25 सितंबर को अमीनपुर नगजौर स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया गया। विशेष मॉनिटर ने वहां निवास कर रहे बुजुर्गों से भोजन, दवाइयों, बिस्तर और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कोई प्रतिकूल तथ्य सामने नहीं आया।

वृद्धाश्रम प्रबंधक को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बुजुर्गों का समय-समय पर चिकित्सकीय परीक्षण कराने के लिए भी कहा गया।

विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक। 

इसी दिन विकास भवन सभागार में जनजातीय क्षेत्रों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विशेष मॉनिटर आर. हेमंत कुमार ने की। इसमें मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट, जिला विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में जनजातीय बाहुल्य गांवों में रहने वाले लोगों को विभागों द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया।