पंचायत सचिवालय बना 'तालाब', करहिया में जलभराव से सरकारी काम ठप

सिरसा कलार : विकास खंड कुठौंद के करहिया गांव में जलभराव की समस्या के कारण पंचायत सचिवालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। पंचायत सचिवालय परिसर के चारों ओर पानी भर जाने से पंचायत सहायक अमित यादव और ग्रामीण वहां तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे ग्रामीण लगातार सरकारी सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिवालय का निर्माण गांव से बाहर खेतों की तरफ कराया गया है। भवन तक पहुंचने के लिए कोई पक्का मार्ग या खरंजा नहीं बनाया गया है। ऐसे में थोड़ी सी भी बारिश होने पर रास्ता पूरी तरह जलमग्न हो जाता है और पूरा परिसर जलभराव की चपेट में आ जाता है।

रास्ता न होने और पानी भरे रहने के कारण पंचायत सहायक अमित यादव समेत गांव के लोग सचिवालय के भीतर नहीं जा पा रहे हैं। आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनवाने से लेकर पंचायत स्तर की अन्य सरकारी योजनाओं के काम अटक गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था कराने और सचिवालय तक पक्के रास्ते का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि सरकारी कामकाज फिर से शुरू हो सके।