ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिता के विजेता 18 बच्चों का सम्मान

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल की ओर से आयोजित ?ऑन द स्पॉट? ड्राइंग एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता बच्चों का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समारोह की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने की। इस अवसर पर संगठन की सचिव ज्योति ऊषाहरा, कोषाध्यक्ष सुषमा कुमारी सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। निर्णायकों के मूल्यांकन के बाद निबंध प्रतियोगिता में 9 और ड्राइंग प्रतियोगिता में 9 बच्चों को विजेता घोषित किया गया।

कुल 18 प्रतिभाशाली बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों में उत्साह नजर आया। इस दौरान संगठन की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने सभी विजेता बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए आयोजित इस तरह की रचनात्मक प्रतियोगिताएं उनकी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ आत्मविश्वास और कलात्मक अभिव्यक्ति को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी इसी तरह विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों, बच्चों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।