राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग पर प्रयागराज मंडल को विशेष पुरस्कार

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज को वर्ष 2025-26 में राजभाषा हिंदी के प्रयोग में हुई प्रगति के लिए विशेष पुरस्कार एवं चल वैजयंती से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-1), प्रयागराज की ओर से प्रदान किया गया।

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा केंद्र सरकार के कार्यालयों, उपक्रमों, बैंकों और स्वायत्त निकायों में राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, हिंदी के प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित किया जाता है। प्रयागराज में समिति का गठन मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय में किया गया है। समिति की अध्यक्षता मुख्य आयकर आयुक्त श्रीमती मीनाक्षी सिंह करती हैं और इसके अंतर्गत वर्तमान में 48 सदस्य कार्यालय शामिल हैं।

समिति की ओर से सदस्य कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग और प्रगति को प्रोत्साहित करने के लिए वार्षिक रिपोर्ट के आधार पर प्रत्येक वर्ष पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसी क्रम में वर्ष 2025-26 के दौरान राजभाषा के प्रयोग में उल्लेखनीय प्रगति के लिए प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय को विशेष पुरस्कार और चल वैजयंती प्रदान की गई।

पुरस्कार समिति की अध्यक्षा एवं मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद मीनाक्षी सिंह ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी दीपक कुमार को प्रदान किया। इस अवसर पर दीपक कुमार ने मंडल रेल कार्यालय में राजभाषा हिंदी के प्रयोग, प्रचार-प्रसार और निरंतर हो रही प्रगति के संबंध में सदस्य कार्यालयों को जानकारी दी।

प्रयागराज मंडल के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले वर्ष 2023-24 में भी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय को राजभाषा हिंदी के प्रयोग में हुई प्रगति के लिए चल वैजयंती का प्रथम पुरस्कार मिल चुका है। लगातार मिल रहे सम्मान से प्रयागराज मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग और उसके बढ़ते प्रचलन का पता चलता है।