बीकानेर मंडल ने इंटरचेंज में बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में 182 ट्रेनों का इंटरचेंज

बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने परिचालन दक्षता के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने 27 सितंबर 2026 को एक दिन में सर्वाधिक 182 ट्रेनों का इंटरचेंज कर नया रिकॉर्ड बनाया।

इस दौरान 96 ट्रेनों को टेकओवर और 86 ट्रेनों को हैंडओवर किया गया। इससे पहले बीकानेर मंडल का सर्वाधिक इंटरचेंज 179 ट्रेनों का था, जो 5 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया था। मंडल ने अपने पिछले रिकॉर्ड में सुधार करते हुए तीन ट्रेनों के अंतर से नया रिकॉर्ड कायम किया है।

रेलवे के अनुसार, यह उपलब्धि परिचालन विभाग के बेहतर समन्वय, कार्यकुशलता और प्रभावी परिचालन प्रबंधन का परिणाम है। रिकॉर्ड संख्या में ट्रेनों के इंटरचेंज से मालगाड़ियों के सुचारु और समयबद्ध संचालन को गति मिली है।

उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से परिचालन व्यवस्था में लगातार सुधार और बेहतर समन्वय पर जोर दिया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य माल परिवहन को अधिक दक्ष, सुचारु और प्रभावी बनाना है।