भारी बारिश से हरदोई में जनजीवन बेहाल, जलभराव के बीच लोगों की मदद को उतरे सपा नेता रामज्ञान गुप्ता, कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को रहने और भोजन की व्यवस्था का भरोसा

हरदोई। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कलेक्ट्रेट परिसर और अधिकारियों के आवासों के आसपास भी पानी भरने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर नागरिकों में नाराजगी है। इस बीच समाजवादी पार्टी के नेता रामज्ञान गुप्ता जलभराव से प्रभावित लोगों की मदद के लिए सड़कों पर उतरे।
रामज्ञान गुप्ता ने शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा किया और घुटनों तक भरे पानी के बीच लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने संकट से जूझ रहे परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। विशेष रूप से गरीब और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की स्थिति को लेकर चिंता जताई।
सपा नेता ने कहा कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लोगों को अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने अपील की कि जिन परिवारों के घरों में पानी भर गया है या जिन्हें रहने में परेशानी हो रही है, वे उनसे संपर्क करें। बारिश जारी रहने तक प्रभावित परिवारों के रहने और भोजन की उचित व्यवस्था कराने का भरोसा भी दिया।
स्थानीय लोगों ने रामज्ञान गुप्ता की इस पहल की सराहना की। वहीं, जलभराव और जलनिकासी की समस्या को लेकर प्रशासन से राहत और स्थायी समाधान की मांग की जा रही है।
इस दौरान विकास त्रिपाठी, धर्मेंद्र यादव दीपू, श्याम गुप्ता, शुभम गुप्ता और सच्चिदानंद त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।