हरदोई में अतिवृष्टि से दो लोगों की मौत, 21 पशुओं की हानि और 52 मकान क्षतिग्रस्त, 27 सितंबर तक ऑरेंज अलर्ट, 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम नंबर ज़ारी

हरदोई। जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि से जनजीवन प्रभावित है। बारिश के कारण अब तक दो लोगों की मौत, 21 पशुओं की हानि और 52 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है। वहीं, किसानों की फसलों को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने 25 से 27 सितंबर तक जिले में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जलभराव व जर्जर भवनों से दूर रहने की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव ने बताया कि अतिवृष्टि से हुए नुकसान के संबंध में अब तक दो जनहानि, 21 पशुओं की हानि और 52 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचनाएं मिली हैं। फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शासन को पत्र भेजकर राहत कार्यों के लिए बजट की मांग की गई है। बजट उपलब्ध होते ही प्रभावितों को नियमानुसार सहायता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल नदियों का जलस्तर चेतावनी बिंदु से लगभग एक मीटर नीचे है। प्रशासन स्थिति पर सतर्कता बनाए हुए है। जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकालने के लिए टीमें सक्रिय हैं। बारिश से प्रभावित सड़कों को भी बहाल कराया गया है।
अपर जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि जलभराव वाले इलाकों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों या नजदीकी शेल्टर होम में चले जाएं। जर्जर मकानों में रहने वाले लोग भी सुरक्षित जगह पर शरण लें।
आपदा की स्थिति में जिला कंट्रोल रूम के नंबर 9454416606 और जिला प्रशासन के अधिकारियों के नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित है। तहसील स्तर पर भी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।