जम्मू मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता का संदेश, यात्रियों को प्लास्टिक से दूरी की अपील

जम्मू। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत जम्मू मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार को सघन स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से यात्रियों, स्टॉल संचालकों और रेल कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए रेलवे परिसर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान यात्रियों और स्टॉल संचालकों को एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध के संबंध में जागरूक किया गया। यात्रियों को पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा स्वच्छता से संबंधित सूचनात्मक पर्चे वितरित कर रेलवे परिसर में कूड़ा न फैलाने की अपील की गई।

जम्मू मंडल के जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर और पठानकोट कैंट सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर सफाई, कूड़ा-कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक विरोधी अभियान और यात्री जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दौरान रेल कर्मचारियों, सफाई मित्रों और स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर स्टेशनों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। यात्रियों से भी अपील की गई कि वे रेल परिसर को साफ-सुथरा रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और प्लास्टिक के उपयोग से बचते हुए पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाएं।

जम्मू मंडल रेल प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त रेल यात्रा के लिए ऐसे जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे। यात्रियों से अभियान में सक्रिय सहयोग कर स्वच्छता को जनभागीदारी का हिस्सा बनाने की अपील की गई।