रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस पर क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में हुए विभिन्न कार्यक्रम

प्रयागराज। रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस के अवसर पर रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में 20 सितंबर को रेलवे सुरक्षा बल के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज प्रदीप कुमार गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गुब्बारा मोचन के साथ हुआ। इस दौरान रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 अंकित पट्टिका को गुब्बारों के माध्यम से आकाश में छोड़ा गया। इसके बाद प्रशिक्षण केंद्र परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने अंतरंग एवं बहिरंग प्रशिक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशिक्षण व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों और रेलवे सुरक्षा बल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

इस अवसर पर प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं तथा अंतरंग एवं बहिरंग प्रशिक्षकों का सुरक्षा सम्मेलन भी हुआ। सम्मेलन में रेलवे सुरक्षा, अनुशासन और प्रशिक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों, बल सदस्यों, प्रशिक्षुओं और स्टाफ के लिए पारंपरिक ?बड़ा खाना? आयोजित किया गया।

रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।