ठाणे-कल्याण के बीच रविवार को चार घंटे का मेगा ब्लॉक, कई एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल में रविवार, 20 सितंबर को ठाणे और कल्याण के बीच 5वीं और 6वीं लाइनों पर चार घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए संचालित किया जाएगा। हालांकि, मेन लाइन, हार्बर, ट्रांस-हार्बर और पोर्ट लाइनों पर कोई मेगा ब्लॉक नहीं रहेगा।

मेगा ब्लॉक के दौरान ठाणे और कल्याण के बीच कई मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया जाएगा। डाउन दिशा की 11029 सीएसएमटी-कोल्हापुर कोयना एक्सप्रेस, 11055 एलटीटी-गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस, 11061 एलटीटी-जयनगर एक्सप्रेस और 16345 एलटीटी-तिरुवनंतपुरम नेत्रावती एक्सप्रेस को डाउन फास्ट लाइन से चलाया जाएगा। इन ट्रेनों के निर्धारित समय से करीब 10 से 15 मिनट देरी से चलने की संभावना है।

इसी तरह अप दिशा की 22226 सोलापुर-सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस, 11010 पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस, 12124 पुणे-सीएसएमटी डेक्कन क्वीन, 12126 पुणे-सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस, 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस, 13201 राजगीर-एलटीटी जनता एक्सप्रेस, 17221 काकीनाडा पोर्ट-एलटीटी एक्सप्रेस, 12168 बनारस-एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12321 हावड़ा-सीएसएमटी मुंबई मेल, 12812 हटिया-एलटीटी एक्सप्रेस, 11014 कोयंबटूर-एलटीटी एक्सप्रेस, 17611 नांदेड़-सीएसएमटी राज्यरानी एक्सप्रेस और 22160 चेन्नई-सीएसएमटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को अप फास्ट लाइन से डायवर्ट किया जाएगा। इन ट्रेनों के गंतव्य तक पहुंचने में भी करीब 10 से 15 मिनट की देरी हो सकती है।

मेगा ब्लॉक के कारण मेमू सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी। 61003 वसई रोड-दिवा मेमू, जो वसई रोड से सुबह 9:50 बजे रवाना होगी, कोपर स्टेशन पर समाप्त कर दी जाएगी। वहीं 61004 दिवा-वसई रोड मेमू दिवा से सुबह 11:30 बजे रवाना होगी और कोपर से सुबह 11:45 बजे शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। दिवा और कोपर के बीच मेमू सेवा रद्द रहेगी।

मध्य रेल ने स्पष्ट किया है कि सीएसएमटी-कल्याण मेन लाइन, सीएसएमटी-पनवेल हार्बर लाइन, ट्रांस-हार्बर लाइन और बेलापुर-उरण पोर्ट लाइन पर इस दौरान कोई मेगा ब्लॉक नहीं रहेगा।

रेलवे के अनुसार बुनियादी ढांचे के रखरखाव और रेल संचालन की संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह मेगा ब्लॉक आवश्यक है। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए मध्य रेल ने खेद व्यक्त किया है।