अमृतसर-जालंधर रेलखंड पर तकनीकी कार्य, राजस्थान से चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित

जयपुर। जालंधर स्टेशन यार्ड और ब्रिज संख्या 28 पर तकनीकी कार्य के लिए ब्लॉक लिए जाने के कारण अमृतसर-जालंधर रेलखंड पर रेल यातायात प्रभावित रहेगा। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में होने वाले इस कार्य के चलते उत्तर पश्चिम रेलवे की कई रेलसेवाओं के संचालन में बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, जबकि दो ट्रेनों को मार्ग में नियंत्रित किया जाएगा और एक ट्रेन को दो दिन देरी से चलाया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 14803 भगत की कोठी-जम्मूतवी रेलसेवा 7 और 9 अक्टूबर 2026 को भगत की कोठी से रवाना होकर केवल फिरोजपुर कैंट तक संचालित होगी। इसके चलते फिरोजपुर कैंट-जम्मूतवी के बीच यह ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 14804 जम्मूतवी-भगत की कोठी 8 और 10 अक्टूबर को जम्मूतवी के बजाय फिरोजपुर कैंट से संचालित होगी। इस कारण जम्मूतवी-फिरोजपुर कैंट के बीच इस रेलसेवा का संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा।

दो ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा

तकनीकी कार्य के चलते गाड़ी संख्या 19613 अजमेर-अमृतसर को 7 अक्टूबर को फिरोजपुर मंडल में 30 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। इसी तरह गाड़ी संख्या 14653 हिसार-अमृतसर को 9 अक्टूबर को फिरोजपुर मंडल में 40 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।

हिसार-अमृतसर एक्सप्रेस दो दिन देरी से चलेगी

गाड़ी संख्या 14653 हिसार-अमृतसर एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव किया गया है। 7 अक्टूबर 2026 को यह ट्रेन हिसार से अपने निर्धारित समय से 3 घंटे 35 मिनट की देरी से रवाना होगी। वहीं 9 अक्टूबर को हिसार से चलने वाली ट्रेन 4 घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन और समय की अद्यतन जानकारी रेलवे की आधिकारिक व्यवस्था से जरूर प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।