उत्तर पश्चिम रेलवे पर स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू, महाप्रबंधक ने दिलाई शपथ

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर गुरुवार को ?स्वच्छता ही सेवा? अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले अभियान की थीम ?स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत? रखी गई है।

प्रधान कार्यालय जयपुर में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान रेलकर्मियों ने स्वच्छता को दैनिक कार्य और जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने का संकल्प लिया।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर यात्रा अनुभव देने के लिए रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और अन्य रेल परिसरों में स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा।

अभियान के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के चारों मंडलों, कारखानों, स्टेशनों, अधीनस्थ कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों और अन्य रेल परिसरों में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित होंगी। 17-18 सितंबर को ?स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता?, 19-20 सितंबर को स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों और कचरा संवेदनशील स्थानों का रूपांतरण, जबकि 21-22 सितंबर को ?स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ जनस्थल? कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसी तरह 23-24 सितंबर को कचरा पृथक्करण, कंपोस्टिंग और प्लास्टिक के उपयोग से बचने को लेकर जनभागीदारी अभियान, 25-26 सितंबर को ?स्पोर्ट्स फॉर स्वच्छता? और कार्यक्रम के बाद सफाई, 27 सितंबर को पर्यटन एवं विरासत रेलवे स्थलों की सफाई तथा 28-29 सितंबर को ?स्वच्छता से समृद्धि? अभियान चलेगा।

30 सितंबर को सफाई मित्र सुरक्षा, सेवा एवं सम्मान शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं 1 अक्टूबर को ?एक दिन, एक घंटा, एक साथ? अभियान के तहत सामूहिक श्रमदान और 2 अक्टूबर को ?स्वच्छ भारत दिवस? कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे का उद्देश्य रेलकर्मियों के साथ यात्रियों और आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए इसे निरंतर जनभागीदारी का हिस्सा बनाना है। रेलवे प्रशासन स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक रेल परिसरों के निर्माण के लिए अभियान के माध्यम से लगातार प्रयास कर रहा है।