सामुदायिक शौचालय में गंदगी का अंबार, 54 हजार के मानदेय पर सवाल

सामुदायिक शौचालय में गंदगी का अंबार, 54 हजार के मानदेय पर सवाल

दहगवां । ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत लोहरपुरा में सामुदायिक शौचालय की सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं। शौचालय परिसर में खड़ी झाड़ियों और गंदगी का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि केयरटेकर द्वारा नियमित सफाई नहीं की जा रही है, जबकि उसके खाते में करीब 54 हजार रुपये मानदेय का भुगतान हुआ है।

ग्रामीणों ने मांगी विस्तृत जांच की मांग

मामले को लेकर ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, उच्चस्तरीय और स्थलीय जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जांच टीम मौके पर पहुंचकर सामुदायिक शौचालय की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करे और पिछले कई महीनों की सफाई व्यवस्था का सत्यापन करे। इसके साथ ही केयरटेकर की उपस्थिति, उसके द्वारा किए गए कार्य, भुगतान संबंधी अभिलेख, बैंक भुगतान विवरण तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा किए गए सत्यापन की भी जांच कराई जाए।

ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि ग्राम प्रधान और सचिव की भूमिका की जांच के साथ यह पता लगाया जाए कि मानदेय भुगतान से पहले कार्य का भौतिक सत्यापन किया गया था या नहीं। यदि जांच में भुगतान में अनियमितता, कार्य में लापरवाही अथवा सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए तथा सरकारी धन की वसूली सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर जिम्मेदारी तय करने और सामुदायिक शौचालय की नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की भी मांग की है।