दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर यात्रियों को राहत, पूर्व रेलवे चलाएगा 10 जोड़ी विशेष ट्रेनें

दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर यात्रियों को राहत, पूर्व रेलवे चलाएगा 10 जोड़ी विशेष ट्रेनें

हावड़ा, सियालदह, कोलकाता और आसनसोल से विभिन्न शहरों के लिए चलेंगी पूजा विशेष ट्रेनें

कोलकाता। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने विभिन्न दिशाओं में 10 जोड़ी पूजा विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों के चलने से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

हावड़ा-रक्सौल विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 03041 हावड़ा-रक्सौल पूजा विशेष प्रत्येक गुरुवार को 15 अक्टूबर से 26 नवंबर तक हावड़ा से रात 11 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 4:15 बजे रक्सौल पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03042 रक्सौल-हावड़ा पूजा विशेष प्रत्येक शुक्रवार को 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक शाम 5:45 बजे रक्सौल से चलेगी और अगले दिन दोपहर 12:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

इसके अलावा 03043 हावड़ा-रक्सौल पूजा विशेष प्रत्येक शनिवार और 03044 रक्सौल-हावड़ा पूजा विशेष प्रत्येक रविवार को निर्धारित अवधि में संचालित होगी।

सियालदह-पटना विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 03135 सियालदह-पटना पूजा विशेष प्रत्येक मंगलवार को 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक रात 12:20 बजे सियालदह से रवाना होकर उसी दिन दोपहर 3 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 03136 पटना-सियालदह पूजा विशेष शाम 4:30 बजे पटना से चलेगी और अगले दिन सुबह 7:30 बजे सियालदह पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव नैहाटी, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में होगा।

सियालदह-सितामढ़ी विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 03133 सियालदह-सितामढ़ी पूजा विशेष प्रत्येक शुक्रवार को 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक रात 11:40 बजे सियालदह से चलेगी और अगले दिन दोपहर 3:30 बजे सितामढ़ी पहुंचेगी। वापसी में 03134 सितामढ़ी-सियालदह पूजा विशेष प्रत्येक शनिवार को शाम 5 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:25 बजे सियालदह पहुंचेगी।

सियालदह-गोरखपुर विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 03131 सियालदह-गोरखपुर पूजा विशेष प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को 13 अक्टूबर से 26 नवंबर तक रात 11:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 03132 गोरखपुर-सियालदह पूजा विशेष प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रात 8:35 बजे गोरखपुर से चलेगी और अगले दिन दोपहर 3:40 बजे सियालदह पहुंचेगी।

कोलकाता-मधुबनी के लिए दो विशेष ट्रेनें

गाड़ी संख्या 03185 कोलकाता-मधुबनी पूजा विशेष प्रत्येक मंगलवार तथा 03186 मधुबनी-कोलकाता पूजा विशेष प्रत्येक बुधवार को निर्धारित अवधि में चलेगी। इसी तरह 03187 कोलकाता-मधुबनी पूजा विशेष प्रत्येक शुक्रवार और 03188 मधुबनी-कोलकाता पूजा विशेष प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी।

आसनसोल-पटना विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 03511 आसनसोल-पटना पूजा विशेष प्रत्येक रविवार को 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक दोपहर 1:20 बजे आसनसोल से रवाना होकर रात 8:15 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 03512 पटना-आसनसोल पूजा विशेष रात 9:55 बजे पटना से चलेगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे आसनसोल पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर और जसीडीह में रहेगा।

आसनसोल-गोरखपुर विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 03527 आसनसोल-गोरखपुर पूजा विशेष प्रत्येक शुक्रवार को 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक दोपहर 1:20 बजे आसनसोल से रवाना होकर अगले दिन सुबह 3:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 03528 गोरखपुर-आसनसोल पूजा विशेष प्रत्येक शनिवार को सुबह 6 बजे गोरखपुर से चलेगी और रात 8:45 बजे आसनसोल पहुंचेगी।

मालदा टाउन-दीघा विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 03465 मालदा टाउन-दीघा पूजा विशेष प्रत्येक शनिवार को 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक दोपहर 1:10 बजे मालदा टाउन से चलेगी और रात 11 बजे दीघा पहुंचेगी। वापसी में 03466 दीघा-मालदा टाउन पूजा विशेष प्रत्येक रविवार को रात 11:40 बजे दीघा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:20 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। रास्ते में न्यू फरक्का, पाकुड़, रामपुरहाट, सैंथिया, बोलपुर शांतिनिकेतन, बर्द्धमान और दानकुनी स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

सभी विशेष ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इन ट्रेनों में आरक्षण की तिथि की घोषणा पूर्व रेलवे की ओर से जल्द की जाएगी।

पूर्व रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।