रायपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने लिया जायजा

रायपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने लिया जायजा

गुणवत्ता, यात्री सुविधा और संरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश, निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां चल रहे मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता, समयबद्धता और यात्री सुविधाओं के साथ संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास एवं पुनर्विकास कार्यों का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, निर्धारित समय-सीमा और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। स्टेशन पुनर्विकास से संबंधित ले-आउट प्लान का भी अवलोकन करते हुए उसे मौके की वास्तविक स्थिति से परखा गया।

महाप्रबंधक ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण गतिविधियों के कारण यात्रियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही कार्यस्थल पर निर्धारित संरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने रायपुर स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों, फुट ओवरब्रिज और अन्य यात्री क्षेत्रों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। इस दौरान स्वच्छता, यात्रियों के सुगम आवागमन और अन्य यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य प्रवेश द्वार के गेट नंबर दो पर निर्माणाधीन कार्य की घेराबंदी से लेकर स्टेशन के गुढ़ियारी छोर पर चल रहे कार्यों का भी महाप्रबंधक ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की गति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दोनों स्तरों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने कहा कि रायपुर स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुनर्विकास के बाद स्टेशन पर बेहतर आवागमन व्यवस्था, सुविधाजनक प्रवेश और निकास तथा आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रायपुर के सभागार में महाप्रबंधक ने रायपुर मंडल के रेल परिचालन और विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में अधोसंरचना विकास कार्यों के दौरान रेल परिचालन को निर्बाध और सुचारु बनाए रखने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए गुणवत्ता, समयबद्धता और संरक्षा के निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद, मुख्यालय बिलासपुर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी), प्रधान मुख्य इंजीनियर, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति), रायपुर सहित मुख्यालय और मंडल के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।