मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की समीक्षा, खराब प्रदर्शन वाले विभागों को रैंकिंग सुधारने के निर्देश

मुरादाबाद। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न विभागों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान खराब प्रदर्शन वाले विभागों के अधिकारियों को अपनी रैंकिंग में सुधार लाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा कर जनता को उनका लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

समीक्षा में निर्देश दिए गए कि जनपद में किसी भी विभाग का भवन जर्जर या जीर्ण-शीर्ण अवस्था में नहीं होना चाहिए। यदि कोई भवन जर्जर अवस्था में है तो उसमें कायाकल्प का कार्य न कराया जाए। ऐसे भवनों में यदि वर्तमान में कोई कार्य संचालित हो रहा है तो उन्हें तत्काल खाली कराया जाए।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को इसी माह पूरा कराकर संबंधित विभागों को हस्तांतरित करना सुनिश्चित करें। वहीं 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का तत्काल हस्तांतरण कराया जाए। जिन परियोजनाओं की निर्धारित पूर्णता तिथि समाप्त हो चुकी है, उनके समय विस्तार के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

धनाभाव के कारण लंबित परियोजनाओं के संबंध में शासन से धनराशि प्राप्त करने के लिए आवश्यक पत्राचार कराने को भी कहा गया, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके।

ऐतिहासिक स्थलों पर होगा दीपोत्सव

सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के ऐतिहासिक स्थलों और भवनों पर दीपोत्सव एवं लेजर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रमाणित रूप से प्रस्तुत करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ युवाओं, महिलाओं, किसानों और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर रहेगा। अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर तथा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर टूल किट वितरण सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्यक्रमों और विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनपद की रैंकिंग में सुधार लाया जाए।