रेलवे के कामकाज में हिंदी को मिलेगा और बढ़ावा, जम्मू मंडल में राजभाषा पखवाड़ा शुरू

जम्मू। राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में 14 से 30 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

राजभाषा पखवाड़े का आयोजन अपर मंडल रेल प्रबंधक, जम्मू सह मुख्य राजभाषा अधिकारी अक्षय कुमार मरंतु के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता तथा सहायक कार्मिक अधिकारी, जम्मू सह राजभाषा अधिकारी सुनील कुमार बडोनी के नेतृत्व में किया जा रहा है।

पखवाड़े के दौरान हिंदी दिवस कार्यक्रम के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा। मंडल कार्यालय की शाखाओं में कंप्यूटर पर हिंदी के प्रयोग से जुड़े उपकरणों और फॉन्ट की उपलब्धता की जांच की जाएगी। इसके साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष हिंदी कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिससे कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और आसान बनाया जा सके।

इसी क्रम में श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पर स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक एवं निरीक्षण होगा। मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिताओं से बढ़ेगा उत्साह

राजभाषा के प्रति कर्मचारियों की रुचि बढ़ाने के लिए पखवाड़े में कई प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें हिंदी निबंध प्रतियोगिता, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ?दिनकर? की जयंती पर हिंदी काव्य-पाठ प्रतियोगिता, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी और हिंदी वाक् प्रतियोगिता शामिल हैं।

पखवाड़े का समापन पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के साथ होगा। इसमें मंडल रेल प्रबंधक द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

जम्मू मंडल का यह आयोजन हिंदी को केवल एक भाषा के रूप में नहीं, बल्कि कार्यालयीन कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मंडल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक कार्य हिंदी में करने तथा राजभाषा पखवाड़े की गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है।