रेलकर्मियों के बच्चों ने दिखाई लेखन प्रतिभा, अजमेर मंडल में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल की ओर से रविवार को रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए मंडल स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य आयोजन अजमेर के न्यू ऑफिसर्स क्लब, कचहरी रोड में हुआ। इसमें रेल कर्मचारियों के बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी रचनात्मक सोच और लेखन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता को बच्चों की उम्र के अनुसार तीन वर्गों में बांटा गया था। पहले वर्ग में 6 से 9 वर्ष, दूसरे में 10 से 12 वर्ष और तीसरे वर्ग में 13 से 15 वर्ष आयु के बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित हुई। बच्चों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचारों को निबंध के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक क्षमता, लेखन कौशल और अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता अजमेर के साथ मंडल के प्रमुख स्टेशनों आबूरोड, भीलवाड़ा, मारवाड़ जंक्शन और उदयपुर में भी एक साथ आयोजित की गई। सभी केंद्रों पर कुल 89 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर संगठन की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा, सचिव ज्योति उशाहरा, कोषाध्यक्ष सुषमा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं। पदाधिकारियों ने बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए महिला कल्याण संगठन की ओर से 20 सितंबर 2026 को ?ऑन-द-स्पॉट? चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इससे बच्चों को अपनी कला और रचनात्मक कौशल को प्रदर्शित करने का एक और अवसर मिलेगा।