दो दिनों से गड्ढे में फंसा बैल, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से सुरक्षित निकाला

दो दिनों से गड्ढे में फंसा बैल, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से सुरक्षित निकाला

शिवपुर/बहराइच। ब्लॉक शिवपुर क्षेत्र के रामपुर धोबिया हार गांव में दो दिनों से करीब छह फीट गहरे गड्ढे में फंसे एक बैल को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बैल के बाहर निकलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

ग्रामीणों के मुताबिक, दो दिन पहले रात के अंधेरे में बैल अचानक गड्ढे में गिर गया होगा। गड्ढा काफी गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। शुक्रवार सुबह कुछ युवकों की नजर गड्ढे में फंसे बैल पर पड़ी। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

इसके बाद ग्रामीणों ने रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से काफी प्रयास किया और बैल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों ने बताया कि गड्ढे की गहराई करीब छह फीट है और बैल इतनी गहराई में करीब दो दिनों तक फंसा रहा। घटना की तस्वीर भी ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।