इज्जतनगर मंडल ने रचा नया इतिहास, वेयरहाउसिंग के लिए टेंडर अवार्ड करने वाला भारतीय रेल का पहला मंडल बना

इज्जतनगर मंडल ने रचा नया इतिहास, वेयरहाउसिंग के लिए टेंडर अवार्ड करने वाला भारतीय रेल का पहला मंडल बना

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने रेल आधारित लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मंडल ने ?गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल और कार्गो से जुड़ी सुविधाओं के विकास के जरिये रेल-आधारित लॉजिस्टिक्स? के तहत बितरोई गुड्स शेड के पास वेयरहाउसिंग सुविधा विकसित करने के लिए टेंडर अवार्ड किया है। इसके साथ ही इज्जतनगर मंडल ऐसा करने वाला भारतीय रेल का पहला मंडल बन गया है।

यह वेयरहाउसिंग सुविधा 25 वर्ष की अवधि के लिए विकसित की जाएगी। इससे एकीकृत रेल आधारित लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग के लिए दीर्घकालिक ढांचा तैयार होगा। रेलवे के अनुसार यह पहल माल लदान बढ़ाने और रेल आधारित माल परिवहन को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी।

परियोजना के माध्यम से रेलवे को प्रतिवर्ष 71.67 लाख रुपये का गारंटीड फ्रेट ट्रैफिक मिलेगा, जिसमें हर वर्ष छह प्रतिशत की वृद्धि होगी। इसके अलावा लागू भूमि लीज शुल्क और 25 प्रतिशत से अधिक चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर पर अतिरिक्त लाभ साझेदारी के माध्यम से रेलवे को लगातार राजस्व प्राप्त होगा।

इस सुविधा के शुरू होने से रेल माल यातायात में बढ़ोतरी, माल की तेज लोडिंग और अनलोडिंग तथा वैगनों के ठहराव समय में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही लोडर और कंसाइनर को वेयरहाउसिंग एवं भंडारण की सुविधा मिलेगी और ग्राहकों को एकीकृत, सुगम एवं एंड-टू-एंड लॉजिस्टिक्स समाधान उपलब्ध होगा।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि यह पहल इज्जतनगर मंडल को रेल आधारित लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में अग्रणी स्थान पर स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि परियोजना नवाचार, माल लदान में वृद्धि और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी।