पीलीभीत में 8.52 करोड़ की हेराफेरी में बैंक मैनेजर गिरफ्तार।

पीलीभीत में 8.52 करोड़ की हेराफेरी में पूर्व बैंक मैनेजर गिरफ्तार,
सुनगढ़ी पुलिस ने दिल्ली में तैनात चीफ मैनेजर को गिरफ़्तार कर भेजा जेल

पीलीभीत यूपी। ग्राहक के बैंक खातों से करोड़ों रुपए की कथित हेराफेरी के मामले में सुनगढ़ी पुलिस और अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पंजाब एंड सिंध बैंक के पूर्व मैनेजर और वर्तमान में दिल्ली रीजनल ऑफिस में चीफ मैनेजर के पद पर तैनात राधेश्याम प्रभाकर पुत्र सुदेश्वर साहू, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी ग्राम ब्रह्मपुरा, थाना फुलपरास, जनपद मधुबनी (बिहार), पूर्व मैनेजर पंजाब एंड सिंध बैंक, पीलीभीत तथा वर्तमान चीफ मैनेजर पंजाब एंड सिंध बैंक रीजनल ऑफिस सिद्धार्थ एन्क्लेव आश्रम रोड नई दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

मामला सामने आने के बाद बैंकिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार, 2 मई 2026 को मोहम्मद जीशान और उनकी पत्नी इरम खान ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि उनके बैंक खातों से एक-दो नहीं, बल्कि 38 चेकों के जरिए करीब 7.82 करोड़ रुपये गलत तरीके से निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर सुनगढ़ी थाने में राधेश्याम प्रभाकर समेत बैंक स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस की प्रारंभिक विवेचना में कथित तौर पर निकाली गई रकम करीब 8.52 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। मामले में विवेचना जारी है और बैंक स्टाफ की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।