बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 18 मामलों में मुकदमे दर्ज

मुरादाबाद। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुरादाबाद क्षेत्र में विद्युत विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर 18 मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मुकदमे दर्ज कराए हैं। कार्रवाई की रिपोर्ट संबंधित थाना पुलिस को भेजकर आगे की कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।

विद्युत विभाग के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भीकनपुर की ओर से 8 सितंबर को एंटी पावर थेफ्ट थाना, बुद्धि विहार, मुरादाबाद को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि पोषक-नन्हेड़ा ग्रामीण लाइन क्षेत्र में विद्युत चेकिंग के दौरान छह उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत चोरी के मामले पकड़े गए। इन मामलों में जयविन्द्र सिंह, रईस अहमद, रणवीर सिंह, मुकेश कुमार, सुमित कुमार और ज्ञानेंद्रपाल सिंह के खिलाफ धारा 135 में कार्रवाई की गई। इन मामलों में दर्ज मुकदमों के क्रमांक 1436/26 से 1441/26 हैं। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार इन छह मामलों में कुल 8111 वाट का भार दर्ज किया गया।

इसी क्रम में 33/11 केवी उपकेंद्र दलपतपुर प्रथम/द्वितीय की ओर से भी विद्युत चेकिंग रिपोर्ट एंटी पावर थेफ्ट थाना, बुद्धि विहार को भेजी गई। इसमें 12 मामलों में धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई। रिपोर्ट में सैकटूनगला, अहमदपुर, सिहोराबाजे तथा दादूपुर क्षेत्र के उपभोक्ताओं के नाम दर्ज हैं। इन मामलों के मुकदमा क्रमांक 1449/26 से 1460/26 तक हैं।

इस तरह दोनों रिपोर्टों को मिलाकर कुल 18 मामलों में बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज किए गए हैं। विद्युत विभाग की इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने संकेत दिया है कि विद्युत चोरी के खिलाफ चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।