महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया दुर्ग-गोंदिया-नागपुर रेलखंड का सघन संरक्षा निरीक्षण

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया दुर्ग-गोंदिया-नागपुर रेलखंड का सघन संरक्षा निरीक्षण

गोंदिया स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने मंगलवार को दुर्ग-गोंदिया-नागपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से सघन संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन में सुरक्षा मानकों की स्थिति, रेलपथ एवं महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों के साथ ही स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेना रहा।

महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश दुर्ग से गाड़ी संख्या 22619 तिरुनेलवेली सुपरफास्ट एक्सप्रेस से विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए दोपहर 12:43 बजे गोंदिया स्टेशन पहुंचे। इस दौरान नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

गोंदिया स्टेशन पहुंचने के बाद महाप्रबंधक ने स्टेशन की परिचालन व्यवस्था, प्लेटफॉर्म, स्वच्छता, यात्री आवागमन, यात्री सुविधाओं और संरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए यात्रियों की सुविधा तथा सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद महाप्रबंधक गाड़ी संख्या 12106 विदर्भ एक्सप्रेस से गोंदिया से नागपुर के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उन्होंने गोंदिया-नागपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से निरीक्षण किया। इस दौरान रेलपथ, ट्रैक के आसपास की स्थिति, पुलों, समपारों तथा अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों को जहां भी आवश्यकता हो, वहां समयबद्ध तरीके से सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

रेल परामर्शदात्री समिति के प्रतिनिधियों से भी की चर्चा

गोंदिया स्टेशन पर महाप्रबंधक ने रेल परामर्शदात्री सहयोग समिति के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने गोंदिया और आसपास के क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं, रेल सेवाओं तथा यात्रियों की आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे और सुझाव महाप्रबंधक के समक्ष रखे।

महाप्रबंधक ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा विभिन्न मांगों की व्यवहार्यता की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संरक्षा, यात्री सुविधाओं और परिचालन दक्षता पर विशेष जोर रहा। महाप्रबंधक के इस निरीक्षण से रेलखंड की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष आकलन करने के साथ ही रेल परिचालन को और सुरक्षित, सुचारु एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने में मदद मिलेगी।